उपनिषदों का संदेश


  1. वेदों के अन्तिम भाग या उच्चतम दर्शन को वेदान्त या उपनिषद् कहा जाता है.
  2. ब्रह्मसूत्र उपनिषदों की शिक्षा का संक्षिप्त सार है.
  3. सच्चा यज्ञ अपने अहं का त्याग है और परम लक्ष्य परम चैतन्य के साथ एकाकार होना है.
  4. उपनिषदों में परम सत्य के लिए ‘ब्रह्म’ शब्द प्रयुक्त हुआ है जिससे यह विश्व प्रकट होता है.
  5. ब्रह्म सत्य है, ज्ञान है, अनन्त है, आनन्द है.
  6. वह भगवान् सम्पूर्ण जीवों के अन्त:करणों में स्थित, सर्वव्यापी और मंगलरूप (शिव) है.
  7. परमात्मा सबकी कामनाओं को पूरा करने वाला है.
  8. सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड ही ब्रह्म का शरीर या विराट रूप है किंतु उस पर मानव रूप या मानवीय गुण आरोपित नहीं करना चाहिए.
  9. ब्रह्म और उसकी सृष्टि को अलग नहीं किया जा सकता.
  10. आत्मा ही ब्रह्म है और चार पादों वाला है.
  11. सर्वव्यापक आत्मा को जानकर बुद्धिमान पुरुष शोक नहीं करता.
  12. मनुष्य जो क्रिया करता है उसकी प्रतिक्रिया कर्मफल भोगने के रूप में होती है.
  13. जगत् ईश्वर की माया की शक्ति द्वारा रचा गया है, पर व्यक्तिगत आत्मा को माया ने अज्ञान में बाँध रखा है.
  14. उपनिषदें ‘अपरा विद्या’, निम्नतर ज्ञान और ‘परा विद्या’, उच्चतर ज्ञान में अन्तर करती हैं.
  15. यदि हम दुष्कर्म से बचते नहीं हैं, यदि हमारा मन स्थिर नहीं है, तो हम आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकते.
  16. कर्म करते हुए ही सौ वर्ष जीने की इच्छा करनी चाहिए.
  17. ईश्वर दण्ड नहीं देता. कर्म की प्रतिक्रिया अन्यायी को दण्ड देती है.
  18. आत्मनिग्रह आध्यात्म के लिये आवश्यक है किन्तु इसका अर्थ जगत् की उपेक्षा करना अथवा गृह और सम्पत्ति का त्याग करना नहीं है.
  19. उपनिषदों का परम लक्ष्य मोक्ष है.
  20. उपनिषदों में ओम् शब्द पूर्ण परमेश्वर का पर्याय है.
  21. उठो, जागो और परम ज्ञान प्राप्त करो.
0 Comments   Links to this post

 
 

वेदों के अन्तिम भाग या उच्चतम दर्शन को वेदान्त या उपनिषद् कहा जाता है.



वेदों के अन्तिम भाग या उच्चतम दर्शन को वेदान्त या उपनिषद् कहा जाता है. अब वेदान्त शब्द का प्रयोग उस विशेष दर्शन के लिए भी होता है जो उपनिषदों पर आधारित है. शंकर ‘उपनिषद्’ शब्द की व्युत्पत्ति ‘सद्’ धातु से मानते हैं, जिसका अर्थ है मुक्त करना, पहँचना या नष्ट करना. यह एक विशेष्य है जिसमें ‘उप’ और ‘नि’ उपसर्ग और क्विप् प्रत्यय लगे हैं. इसके अनुसार उपनिषद् का अर्थ होता है ब्रह्मज्ञान, जिसके द्वारा अज्ञान से मुक्ति मिलती है. दूसरे अर्थ में ‘उप’ (समीप) ‘नि’ (अच्छी तरह) और ‘सद्’ (बैठना) अर्थात् परमात्मा के समीप अच्छी तरह बैठाना ही उपनिषद् का ध्येय है. जिन ग्रन्थों में ब्रह्मज्ञान की चर्चा रहती है वे उपनिषद् कहलाते हैं. उपनिषदों में आध्यात्मिक अन्तर्दृष्टि एवं दार्शनिक तर्क प्रणाली दोनों के दर्शन होते हैं. श्वेताश्वतरोपनिषद् के अनुसार परमेश्वर वेदों के गुह्य भाग उपनिषदों में निहित है (तद्वेद गुह्योपनिषत्सु गूढ़ं). उपनिषद् ऐसा साहित्य है जो आदि काल से विकसित हो रहा है. भारतीय परम्परा में उपनिषदों की संख्या एक सौ आठ मानी गयी है. शंकराचार्य ने ईश, केन, कठ, प्रश्न, मुण्डक, माण्डूक्य, तैत्तिरीय, ऐतरेय, छान्दोग्य, बृहद् आरण्यक और श्वेताश्वतर- इन ग्यारह उपनिषदों का भाष्य किया है और ये ही सर्वसुलभ हैं.
0 Comments   Links to this post

 
 

ब्रह्मसूत्र उपनिषदों की शिक्षा का संक्षिप्त सार है.



वेद का एक भाग होने से उपनिषदों का सम्बन्ध श्रुति या प्रकट हुए साहित्य से है. ये सनातन कालातीत हैं. अन्त:प्रेरित ऋषि यह घोषणा करते हैं कि जिस ज्ञान को वे प्रदान कर रहे हैं उसका उन्होंने स्वयं आविष्कार नहीं किया है. वह उनके आगे बिना उनके प्रयत्न के प्रकट हुआ है (पुरुष प्रयत्नं विना प्रकटीभूत). उपनिषद् प्रतीक शैली का प्रयोग करते हुए, दिव्य दर्शन को हमारे ऊपर छोड़ा गया ईश्वर का निश्वास कहते हैं (मुण्डक 2-1-6). श्वेताश्वतर उपनिषद् कहती है कि ऋषि श्वेताश्वतर ने अपने तप के प्रभाव और ईश्वर की कृपा से सत्य का दर्शन किया. उपनिषदें व्यवस्थित चिन्तन से अधिक आत्मिक आलोक की साधन हैं. इनमें हमें आध्यात्मिक जीवन का वर्णन मिलता है, जो भूत, वर्तमान और भविष्य में सदा एक सा है. ब्रह्मसूत्र उपनिषदों की शिक्षा का संक्षिप्त सार है. वेदान्त के महान आचार्यों ने इस ग्रन्थ पर भाष्य रचकर उनसे अपने-अपने विशिष्ट मत विकसित किये हैं.
0 Comments   Links to this post

 
 

सच्चा यज्ञ अपने अहं का त्याग है और परम लक्ष्य परम चैतन्य के साथ एकाकार होना है.



उपनिषदों का चिन्तन ब्राह्मणों के कर्मकाण्ड-सम्बधी सिद्धान्तों की तुलना में प्रगति का सूचक है. इसीलिए उपनिषदों में हमें खोखले और बेकार कर्मकाण्डी धर्म की आलोचना मिलती है. यज्ञों का स्थान गौण हो जाता है. उनसे अन्तिम मुक्ति नहीं मिलती. जब सभी वस्तुएँ ईश्वर की हैं तो उसे अपनी इच्छा और अहं के अतिरिक्त कोई अन्य वस्तु समर्पित करने की आवश्यकता नहीं है. प्रार्थना और यज्ञ दर्शन तथा आत्मिक जीवन के साधन हैं. सच्चा यज्ञ अपने अहं का त्याग है. प्रत्येक होम में स्वाहा कहा जाता है, जिससे अभिप्राय स्वत्व के हनन अर्थात् अहं के त्याग से है. प्रार्थना सत्य का अन्वेषण है, जिसके लिए चेतना के उत्थान द्वारा अन्त:स्थित अज्ञात में प्रवेश करना होता है. प्रार्थना का आरम्भ श्रद्धा से, जिससे प्रार्थना की जाती है उसमें पूर्ण विश्वास से है और इस सरल आस्था से होता है कि ईश्वर हमारा उपकार कर सकता है और हमारे प्रति दयालु है. यहाँ लक्ष्य आनन्द की स्वर्गीय स्थिति या इससे किसी अच्छे लोक में फिर से जन्म लेने का नहीं है, बल्कि कर्म के सांसारिक बन्धन से छूटकर उस परम चैतन्य के साथ एकाकार होना और मुक्ति है. उपनिषदें वेदों का उल्लेख सामान्यतया आदर के साथ करती हैं और उनका अध्ययन एक महत्तवपूर्ण कर्तव्य माना जाता है. लेकिन कई बार यह कहा गया है कि अकेले वैदिक ज्ञान से काम नहीं चलेगा. नारद सनत्कुमार से कहते हैं कि उन्होंने वेदों से लेकर नागविद्या तक सभी तरह का ज्ञान प्राप्त किया है, पर अभी उन्हें आत्मज्ञान नहीं हुआ है.
0 Comments   Links to this post

 
 

उपनिषदों में परम सत्य के लिए ‘ब्रह्म’ शब्द प्रयुक्त हुआ है जिससे यह विश्व प्रकट होता है.



उपनिषदों में परम सत्य के लिए ‘ब्रह्म’ शब्द प्रयुक्त हुआ है. यह ‘बृह्’ धातु से बना है, जिसका अर्थ ‘बढ़ना’,‘बाहर को फूटना’ होता है. इस व्युत्पत्ति से उमड़ती, उफनती, अनवरत वृद्धि ‘बृहत्तवम्’ की व्यंजना होती है. विश्व आत्मा और उससे मिलने की आकांक्षा रखने वाली मनुष्य की आत्मा में जो मूल सम्बन्ध है, ब्रह्म शब्द उसका अभिव्यंजक है. मुण्डकोपनिषद् में ब्रह्म के स्वरूप के सम्बन्ध में कुछ कहने के पूर्व यह कहा गया है कि दो विद्याएँ जानने योग्य हैं- एक परा और दूसरी अपरा. उनमें ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद, अथर्ववेद, शिक्षा, कल्प, व्याकरण, निरुक्त, छन्द और ज्योतिष का अध्ययन अपरा विद्या के अन्तर्गत किया जाता है तथा जिससे उस अक्षर ब्रह्म का ज्ञान होता है वह परा है. जिस प्रकार मकड़ी जाले को बनाती और निगल जाती है, जैसे पृथिवी में ओषधियाँ उत्पन्न होती हैं और जैसे सजीव पुरुष से केश और लोम उत्पन्न होते हैं, उसी प्रकार उस अक्षर ब्रह्म से यह विश्व प्रकट होता है. ज्ञानेन्द्रियों के लिए ब्रह्म अदृश्य, अग्राह्य, हाथ-पैर से हीन, अत्यन्त सूक्ष्म है किन्तु सम्पूर्ण भूतों का कारण होने से विवेकी लोग उसे सर्वत्र देखते हैं. जिस प्रकार अत्यन्त प्रदीप्त अग्नि से उसी के समान रूप वाले हजारों स्फुलिंग (चिनगारियाँ) निकलते हैं, उसी प्रकार ब्रह्म से अनेकों भाव प्रकट होते हैं और उसी में लीन हो जाते हैं.
0 Comments   Links to this post

 
 

ब्रह्म सत्य है, ज्ञान है, अनन्त है, आनन्द है.



ब्रह्म निश्चय ही दिव्य, अमूर्त, बाहर-भीतर विद्यमान, अजन्मा, अप्राण, मनोहीन, विशुद्ध तथा अपने सम्पूर्ण विकारों से श्रेष्ठ है ब्रह्म से ही प्राण उत्पन्न होता है तथा इससे ही मन, सम्पूर्ण इन्द्रियाँ, आकाश, वायु, तेज, जल और सारे संसार को धारण करने वाली पृथिवी उत्पन्न होती है. सूर्य, चन्द्रमा, तारे, अग्नि आदि सब उसी के प्रकाश से प्रकाशमान हैं. यह अमृत ब्रह्म ही आगे है, ब्रह्म ही पीछे है, ब्रह्म ही दायीं-बायीं ओर है तथा ब्रह्म ही नीचे-ऊपर फैला हुआ है. यह सारा जगत् सर्वश्रेष्ठ ब्रह्म ही है. वह महान् दिव्य और अचिन्त्य रूप है. वह सूक्ष्म से भी सूक्ष्मतर भासमान होता है तथा दूर से भी दूर और इस शरीर में अत्यन्त समीप भी है. वह चेतनावान् प्राणियों में इस शरीर के भीतर उनकी बुद्धि रूप गुहा में छिपा हुआ है. तैत्तिरीय उपनिषद् कहती है कि ‘‘जिससे ये सत्ताएँ जन्मी हैं, जिसमें जन्म लेने के बाद रहती हैं और जिसमें अपनी मृत्यु के बाद चली जाती हैं, वह ब्रह्म है.’’ यह निश्चित रूप से घोषणा करती है कि ब्रह्म सत्य है, ज्ञान है, अनन्त है (सत्यं ज्ञानमनन्तं ब्रह्म). आनन्द ब्रह्म है (आनन्दो ब्रहनेति). आनन्द से ही सब जीव पैदा होते हैं और आनन्द में ही फिर समा जाते हैं.
0 Comments   Links to this post

 
 

वह भगवान् सम्पूर्ण जीवों के अन्त:करणों में स्थित, सर्वव्यापी और मंगलरूप (शिव) है.



बृहदारण्यक उपनिषद् का यह कहना है कि ब्रह्म सत् है, ‘सन्मात्र हि ब्रह्म’. ऋग्वेद भी ब्रह्म के लिए सत् का प्रयोग कर कहता है कि सत् तो एक ही है, विद्वान लोग उसे भिन्न-भिन्न दृष्टि से देखते हैं. सत् विशुद्ध स्वीकृति का द्योतक है, जिसमें किसी भी प्रकार का अस्वीकार नहीं है. सत् के सत्य को माने बिना हम युक्तियुक्त जीवन नहीं जी सकते. छान्दोग्य उपनिषद् के अनुसार यह सारा जगत् निश्चय ही ब्रह्म है (सर्वं खल्विदं ब्रह्म), यह उसी से उत्पन्न होने वाला, उसी में लीन होने वाला और उसी में चेष्टा करने वाला है. वह (ब्रह्म) मनोमय, प्राणशरीर, प्रकाशस्वरूप, सत्यसंकल्प, आकाशशरीर, सर्वकर्मा, सर्वकाम, सर्वगन्ध, सर्वरस, इस सम्पूर्ण जगत् को सब ओर से व्याप्त करने वाला, वाक्-रहित और सम्भ्रमशून्य है. श्वेताश्वतर उपनिषद् के अनुसार ब्रह्म न स्त्री है, न पुरुष है और न नपुंसक ही है. यह जो-जो शरीर धारण करता है उसी-उसी से सुरक्षित रहता है. जिससे उत्कृष्ट और कोई नहीं है तथा जिससे छोटा और बड़ा भी कोई नहीं वह अपनी द्योतनात्मक महिमा में वृक्ष के समान निश्चल भाव से स्थित है, उस पुरुष ने ही इस सम्पूर्ण जगत् को व्याप्त कर रखा है. वह भगवान् सम्पूर्ण जीवों के अन्त:करणों में स्थित और सर्वव्यापी है; इसलिए सर्वगत और मंगलरूप (शिव) है. वह महान्, परम समर्थ, शरीर रूप पुर में शयन करने वाला, अन्त:करण को प्रेरित करने वाला, सबका शासक, प्रकाशस्वरूप और अविनाशी है. वह समस्त इन्द्रिय वृत्तियों के रूप में अवभासित होता हुआ भी समस्त इन्द्रियों से रहित है, तथा सबका प्रभु, शासक और सबका आश्रय एवं कारण है. वह हाथ-पाँव से रहित होकर भी वेगवान् और ग्रहण करने वाला है, नेत्रहीन होकर भी देखता है और कर्णरहित होकर भी सुनता है. वह सर्वज्ञ है किन्तु उसे जानने वाला कोई नहीं है.
0 Comments   Links to this post

 
 

परमात्मा सबकी कामनाओं को पूरा करने वाला है.



ऋषियों ने उसे सबका आदि, पूर्ण और महान् कहा है. यह अणु से भी अणु और महान् से भी महान् (अणोरणीयान् महतो महीयान्) परमात्मा इस जीव के अन्त:करण में स्थित है. ब्रह्मवेत्ता लोग उसके जन्म का अभाव बतलाते हैं और उसे नित्य कहते हैं, वह जराशून्य पुरातन सर्वात्मा विभु होने के कारण सर्वगत है. समस्त प्राणियों में स्थित एक देव है; वह सर्वव्यापक समस्त भूतों का अन्तरात्मा, कर्मों का अधिष्ठाता, समस्त प्राणियों में बसा हुआ, सबका साक्षी, सबको चेतनत्व प्रदान करने वाला, शुद्ध और निर्गुण है. जो एक अद्वितीय स्वतन्त्र परमात्मा बहुत से निष्क्रिय जीवों के एक बीज को अनेक रूप कर देता है, अपने अन्त:करण में स्थित उस देव को जो मतिमान् देखते हैं उन्हें ही नित्यसुख प्राप्त होता है, दूसरों को नहीं. वह परमात्मदेव नित्यों में नित्य है, चेतनों में चेतन. बहुतों में एक हैं. सबकी कामनाओं को पूरा करने वाला है. ज्ञान से, योग से उस कारण पुरुष को जान लेना चाहिए. ऐसा करने से मनुष्य सब प्रकार के बन्धनों से मुक्त हो जाता है.
0 Comments   Links to this post

 
 

सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड ही ब्रह्म का शरीर या विराट रूप है किंतु उस पर मानव रूप या मानवीय गुण आरोपित नहीं करना चाहिए.



समस्त जगत् अथवा सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड ही ब्रह्म का शरीर या उसका विराट रूप है. किन्तु ईश्वर के व्यक्तित्व की कल्पना मानवीय लीकों पर नहीं करनी चाहिए. उसे एक विराट पुरुष के रूप में नहीं सोचना चाहिए. दिव्य में हमें मानवीय गुण, जैसे कि वे हमें ज्ञात हैं, आरोपित नहीं करना चाहिए. कुछ लोग मानवीय शक्ति के अनुरूप और व्यक्तित्व की अपनी धारणा के अनुसार ईश्वर की कल्पना करने का प्रयत्न करते हैं और ईश्वर की प्रतिमा बना देते हैं. पुराणों में इसी प्रकार के प्रयत्न किये गये हैं किन्तु समस्त चित्र काल्पनिक हैं. यदि ईश्वर के सहस्त्र हाथ, सहस्त्र नेत्र, सहस्त्र मुख आदि की बात कही जाती है तो उसका यह अर्थ कदापि नहीं है कि इस प्रकार की आकृति वाला कोई पुरुष है. इस प्रकार के कथन उपमा के रूप में कहे हुए होते हैं. फिर भी सूक्ष्म या निरपेक्ष ब्रह्म से जगत् के निर्माण तक सत्य की चार मुद्राएँ या स्थितियाँ मिलती हैं‒ (1) निरपेक्ष, ‘ब्रह्म’ (2) सृजनात्मक शक्ति, ‘ईश्वर’ (3) विश्व आत्मा, ‘हिरण्यगर्भ’ और (4) जगत् . माण्डूक्य उपनिषद् कहती है कि ब्रह्म ‘चतुष्पात्’ चार पैरों वाला है और उसके चार तत्त्व ‘ब्रह्म’, ‘ईश्वर’, ‘हिरण्यगर्भ’ और ‘विराज’ हैं. निरपेक्ष की, जब जैसा कि वह अपने-आप में है, हर प्रकार के सृजन से स्वतन्त्र कल्पना की जाती है, तो वह ‘ब्रह्म’ कहलाता है. जब उसे इस रूप में सोचा जाता है कि उसने अपने-आपको विश्व में व्यक्त किया है तो वह ‘विराज’ कहलाता है. जब उसे उस आत्मा के रूप में सोचा जाता है जो विश्व में सर्वत्र गतिशील है, तो वह ‘हिरण्यगर्भ’ कहलाता है. जब उसकी विश्व के स्रष्टा, रक्षक, और संहारक के रूप में कल्पना की जाती है, तो वह ‘ईश्वर’ कहलाता है. एक ही ईश्वर स्रष्टा के रूप में ‘ब्रह्मा’, पालनकर्ता के रूप में ‘विष्णु’ और संहारक के रूप में ‘शिव’ बन जाता है. ये चार प्रकार हमारी मानसिक दृष्टि के लिए हैं, जो केवल ऊपरी तौर पर पर ही पृथक किये जा सकते हैं. निरपेक्ष सत् चिन्तन का विषय या उत्पादन का परिणाम नहीं है. उसे केवल नकारात्मक शब्दों में या उपमा द्वारा व्यक्त किया जा सकता है. किन्तु नकारात्मक लक्षणों (नेति, नेति) से हमें इस भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए कि ब्रह्म असत्ता है. वह जहाँ अनुभवातीत है, वहाँ यह समूचा जगत् उसमें अर्न्तभूत है.
0 Comments   Links to this post

 
 

ब्रह्म और उसकी सृष्टि को अलग नहीं किया जा सकता.



निर्गुण ब्रह्म के स्वरूप की व्याख्या नहीं की जा सकती किन्तु इसका तात्पर्य यह नहीं निकालना चाहिए कि उसका कोई स्वरूप नहीं है. तैत्तिरीय उपनिषद् का यह कथन ‘सत्यं ज्ञानमनन्तं ब्रह्म’ वस्तुत: ब्रह्म के स्वरूप को प्रकट करता है. शंकराचार्य के अनुसार ये ब्रह्म के गुण को नहीं बल्कि उसके स्वरूप को ही व्यक्त करते हैं. उसका स्वरूप ‘सत्’ अर्थात् सत्ता, ‘चित्त’ अर्थात् चेतना और ‘आनन्द’ कहा गया है. एक ही सत्ता के लिए ये विभिन्न उक्तियाँ है. आत्मसत्ता, आत्मचेतना और आत्मानन्द एक हैं. वह पूर्ण सत्ता है जिसमें कोई अनस्तित्व नहीं है. वह पूर्ण चेतना है जिसमें कोई जड़ता नहीं है. वह पूर्ण आनन्द है जिसमें कोई दु:ख या आनन्द का अभाव नहीं है. सभी वस्तुएँ, जिनका अस्तित्व है, अपने-अपने रूप में ब्रह्म के ‘सत्’, ‘चित्त’ और आनन्द स्वरूप की कारण हैं. वह सभी वस्तुओं में रहता है और फिर भी उनसे परे है. ‘हिरण्यगर्भ’ हर बार जगत् के आरम्भ में आविर्भूत होता है और हर बार जगत् के अन्त में लुप्त हो जाता है. ‘हिरण्यगर्भ’ जगत् की रचना शाश्वत वेद के अनुसार करता है, जिसमें वस्तुओं के सभी प्रकारों के मूल नमूने शाश्वत रूप से अन्तर्निहित हैं. उसे ‘ब्रह्मा’ या ‘विश्व-आत्मा’ भी कहा जाता है. वह कार्य ब्रह्म है और ‘ईश्वर’ से जो कारण ब्रह्म है पृथक है. उपनिषदों में ‘ईश्वर’ और ‘हिरण्यगर्भ’ या ‘विश्व-आत्मा’ के बीच स्पष्ट भेद नहीं किया गया है. शंकर और रामानुज दोनों के लिए ‘हिरण्यगर्भ’ एक अप्रधान और रचे हुए स्रष्टा की स्थिति रखता है. ‘ईश्वर’ शाश्वत है और वह उत्पन्न होते और मिटते जगतों के इस खेल में शामिल नहीं होता बल्कि उसका निर्देशन करता है और स्वयं अनुभवातीत रूप से अनादिकाल से विद्यमान है. जैसे पृथिवी को और उसमें उत्पन्न वनस्पतियों को अलग-अलग करके नहीं देखा जा सकता वैसे ब्रह्म और उसकी सृष्टि को अलग नहीं किया जा सकता. परब्रह्म, कारणब्रह्म, कार्यब्रह्म और व्यक्तब्रह्म एक ही सत्य के विभिन्न पक्ष हैं.
0 Comments   Links to this post

 
 

आत्मा ही ब्रह्म है और चार पादों वाला है.



माण्डूक्य उपनिषद् कहती है कि सब कुछ ब्रह्म ही है. साथ ही यह भी कहती है कि आत्मा ही ब्रह्म है. वह यह आत्मा चार पादों वाला है. यह उपनिषद् चेतना की चार अवस्थाओं ‒ जागरित, स्वप्न, प्रगाढ़ निद्रा और प्रकाशमय चेतन का विश्लेषण कर यह प्रतिपादित करती है कि इनमें से अन्तिम शेष तीन का आधार है. आत्मा का प्रथम पाद ‘वैश्वानर’ है जो जाग्रत् अवस्था या ब्रह्म के प्रकटीभूत रूप को दर्शाता है. इस अवस्था में आत्मा स्थूल विषयों का भोक्ता है. स्वप्न जिसका स्थान है तथा जो अन्त:प्रज्ञ है और सूक्ष्म विषयों का भोक्ता है, वह तैजस आत्मा का दूसरा पाद है. जिस अवस्था में सोया हुआ पुरुष किसी भोग की इच्छा नहीं करता और न स्वप्न ही देखता है उसे सुषुप्ति कहते हैं. वह सुषुप्ति जिसका स्थान है तथा जो एकभूत प्रकृष्ट ज्ञानस्वरूप होता हुआ ही आनन्दमय, आनन्द का भोक्ता और चेतनारूप मुख वाला है वह प्राज्ञ ही आत्मा का तीसरा पाद है. अपने स्वरूप में स्थित यह प्राज्ञ ही सर्वेश्वर है, सर्वज्ञ है, अन्तर्यामी है और समस्त जीवों की उत्पत्ति तथा लय का स्थान होने के कारण यह सबका कारण भी है. विभु विश्व बहिष्प्रज्ञ है, तैजस अन्त:प्रज्ञ है तथा प्राज्ञ घनप्रज्ञ (प्रज्ञानघन) है. इस प्रकार एक ही आत्मा तीन प्रकार से कहा जाता है. विश्व सर्वदा स्थूल पदार्थों को ही भोगने वाला है, तैजस सूक्ष्म पदार्थों का भोक्ता है तथा प्राज्ञ आनन्द को भोगने वाला है. यह सुनिश्चित बात है कि जो पदार्थ विद्यमान होते हैं उन्हीं सबकी उत्पत्ति हुआ करती है. बीजात्मक प्राण ही सबकी उत्पत्ति करता है और चेतनात्मक पुरुष चैतन्य के आभासभूत जीवों को अलग-अलग प्रकट करता है. सृष्टि के विषय में विचार करने वाले दूसरे लोग भगवान् की विभूति को ही जगत् की उत्पत्ति मानते हैं तथा दूसरे लोगों द्वारा यह सृष्टि स्वप्न और माया के समान मानी गयी है. कोई-कोई सृष्टि के विषय में ऐसा निश्चय रखते हैं कि ‘प्रभु की इच्छा ही सृष्टि है’. काल के विषय में विचार करने वाले ज्योतिषी लोग काल से ही जीवों की उत्पत्ति मानते हैं. कुछ लोग ‘सृष्टि भोग के लिए है’ ऐसा मानते हैं और कुछ ‘क्रीडा’ के लिए है’ ऐसा समझते हैं. परन्तु वास्तव में तो यह भगवान् का स्वभाव ही है; क्योंकि पूर्णकाम को इच्छा ही क्या हो सकती है. आत्मा का चौथा पाद सम्पूर्ण शब्द प्रवृत्ति के निमित्त से रहित है. अत: शब्द से उसका वर्णन नहीं किया जा सकता. अत: आत्मा के चौथे पाद ‘तुरीय’ के स्वरूप का वर्णन करना कठिन है. फिर भी विवेकीजन तुरीय को ऐसा मानते हैं कि वह न अन्त:प्रज्ञ है, न बहिष्प्रज्ञ है, न उभयत: (अन्तर्बहि:) प्रज्ञ है, न प्रज्ञानघन है, न प्रज्ञ है और न अप्रज्ञ है. बल्कि अदृष्ट, अव्यवहार्य, अग्राह्य, अलक्षण, अचिन्त्य, एकात्म प्रत्ययसार, प्रपंच का उपशम, शान्त, शिव और अद्वैत् रूप है. वही आत्मा है, वही साक्षात् जानने योग्य है. तुरीय आत्मा सब प्रकार के दु:खों की निवृत्ति में समर्थ है.
0 Comments   Links to this post

 
 

सर्वव्यापक आत्मा को जानकर बुद्धिमान पुरुष शोक नहीं करता.



प्रारम्भिक चिन्तन में आत्मा को वैयक्तिक चेतना के तत्त्व के रूप में तथा ब्रह्म को व्यवस्थित विश्व के आधार के रूप में देखा गया है. किन्तु यह भेद धीरे-धीरे कम होने लगता है और दोनों एकाकार हो जाते हैं. आत्मा को यदि नापना हो तो हमें उसे ईश्वर से नापना चाहिए, क्योंकि ईश्वर का धरातल और आत्मा का धरातल एक ही है. छान्दोग्य उपनिषद् कहती है कि वस्तुत: यह समस्त जगत् ब्रह्म है और यह कि हृदय के अन्दर जो यह मेरी आत्मा है, वह ब्रह्म है. वह पुरुष जो ज्ञान-चक्षु में ज्ञानियों को दिखायी देता है वह आत्मा है, अर्थात् ब्रह्म है. विश्व का आदि तत्त्व, ब्रह्म व्यक्ति के आन्तरिक आत्म, आत्मा द्वारा जाना जाता है. चेतना की चार अवस्थाओं- जागरित, स्वप्न, सुषुप्ति और आत्मिक चेतना- के अनुरूप व्यक्ति की भी चार अवस्थाएँ हैं: ‘स्थूल’, ‘सूक्ष्म’, ‘कारण’ और ‘शुद्ध आत्म’. जिस प्रकार ‘ईश्वर’ जगत् का कारण है उसी प्रकार ‘कारण’ आत्म सूक्ष्म और स्थूल शरीरों के विकास का स्रोत हैं. ‘नारायण’ मनुष्य में विद्यमान ईश्वर है, जो निरन्तर ‘नर’ (मनुष्य) के साथ रहता है. वह मरणशील प्राणियों में रहने वाला शाश्वत तत्त्व है जो शरीर, प्राण, मन और बुद्धि से भिन्न है. आत्मा मनुष्य के जीवन का वह तत्त्व है जो उसकी सत्ता में, प्राण में व्याप्त है और उनसे परे है. कठोपनिषद् के अनुसार आत्मा न उत्पन्न होता है, न मरता है. यह अजन्मा सदा से वर्तमान, सर्वदा रहने वाला और पुरातन है तथा शरीर के मारे जाने पर भी स्वयं नहीं मरता. यदि मारने वाला आत्मा को मारने का विचार करता है और मारा जाने वाला उसे मारा हुआ समझता है तो वे दोनों ही उसे नहीं जानते; क्योंकि यह न तो मारता है और न मारा जाता है. यह अणु से अणुतर और महान् से महत्तर आत्मा की हृदय रूप गुहा में स्थित है. जो शरीरों में शरीररहित तथा अनित्यों में नित्य स्वरूप है उस महान् और सर्वव्यापक आत्मा को जानकर बुद्धिमान पुरुष शोक नहीं करता. यह आत्मा वेदाध्ययन द्वारा प्राप्त होने योग्य नहीं है और न धारण शक्ति अथवा अधिक श्रवण से ही प्राप्त हो सकता है. साधक जिस आत्मा का वरण करता है उस आत्मा से ही यह प्राप्त किया जा सकता है. उसके प्रति यह आत्मा अपने स्वरूप को अभिव्यक्त कर देता है.
0 Comments   Links to this post

 
 

मनुष्य जो क्रिया करता है उसकी प्रतिक्रिया कर्मफल भोगने के रूप में होती है.



सर्वव्यापी आत्मा का जीवात्माओं से क्या सम्बन्ध है? इस विषय में विभिन्न मत हैं. शंकर यह मानते हैं कि सर्वव्यापी आत्मा जीवात्मा से अभिन्न है. रामानुज कहते हैं कि जीवात्मा सर्वव्यापी आत्मा से शाश्वत रूप से अभिन्न है और भिन्न भी है. मध्व के अनुसार, जीवात्मा सर्वव्यापी आत्मा से शाश्वत रूप से भिन्न है. जीव को, एक प्रकार से, ईश्वर ने अपने रूप के अनुरूप और अपने सदृश रचा है. परन्तु सृष्ट के नाते उसका अपना रूप है. जीव के बिना न तो बन्धन हो सकता है और न मुक्ति. आधुनिक विज्ञान भी मानता है कि मनुष्य सजीव सत्ताओं की शृंखला की एक कड़ी है, अनेक में से एक है. विज्ञान यह भी मानता है कि प्रत्येक क्रिया की प्रतिक्रिया होती है. इसी को हम इस प्रकार भी कह सकते हैं कि मनुष्य जो क्रिया करता है उसकी प्रतिक्रिया कर्मफल भोगने के रूप में होती है. जीवात्मा ही उपनिषदों के अनुसार कर्मफल भोगता है और कर्म ही उसे बन्धन में डालते हैं. कठ उपनिषद् जब यह कहती है कि परमेश्वर कर्मों का फल भोगता है (1-3-1), तो उसका संकेत यह होता है कि हम ईश्वर के प्रतिरूप और छवियाँ हैं, और जब हम अपने कर्मों का फल भोगते हैं तो वह भी भोगता है. इसी उपनिषद् के अनुसार आत्मा को रथी, शरीर को रथ, बुद्धि को सारथि और मन को लगाम समझना चाहिए. विेवेकी पुरुष इन्द्रियों को घोड़े बतलाते हैं तथा उनके घोड़े रूप से कल्पित किये जाने पर विषयों को उनके मार्ग बतलाते हैं और शरीर, इन्द्रिय एवं मन से युक्त आत्मा को भोक्ता कहते हैं. किन्तु जो बुद्धि रूप सारथि सर्वदा अविवेकी एवं असंयत चित्त से युक्त होता है उसके अधीन इन्द्रियाँ दुष्ट और बेकाबू घोड़ों के समान व्यवहार करती हैं. इसके विपरीत जो बुद्धि रूप सारथि कुशल और सर्वदा समाहित चित्त से युक्त होता है उसके अधीन इन्द्रियाँ इस प्रकार रहती हैं जैसे सारथि के अधीन अच्छे घोड़े. जो मनुष्य विवेकयुक्त बुद्धि-सारथि से युक्त और मन को वश में रखने वाला होता है, वह संसारमार्ग से पार होकर उस विष्णु (व्यापक परमात्मा) के परमपद को प्राप्त कर लेता है. आत्मा की एकता से जीवात्माओं के भेद असंगत नहीं हो जाते हैं. विभिन्न जीवात्माएँ ‘बुद्धि’ के साथ अपने संयोग के कारण भिन्न रहती हैं और इसलिए उनके कर्म के फल अलग-अलग होते हैं (बुद्धिभेदेन शेक्तृभेदात्). प्रत्येक मानव-शरीर में अमरता और मृत्यु दोनों के तत्त्व स्थित हैं. भ्रम के पालन से हम मृत्यु प्राप्त करते हैं, सत्य के पालन से हम अमरता प्राप्त करते हैं.
0 Comments   Links to this post

 
 

जगत् ईश्वर की माया की शक्ति द्वारा रचा गया है, पर व्यक्तिगत आत्मा को माया ने अज्ञान में बाँध रखा है.



ईशावास्योपनिषद् के अनुसार जगत् में जो कुछ स्थावर-जंगम संसार है, वह सब ईश्वर के द्वारा आच्छादनीय है. भगवान् पूर्ण हैं और चूँकि वे पूरी तरह अखण्ड हैं, अतएव उनके सारे उद्भव, तथा यह व्यवहार जगत् पूर्ण के रूप में परिपूर्ण है. पूर्ण से जो कुछ उत्पन्न होता है वह भी अपने में पूर्ण होता है. चूँकि वे पूर्ण हैं, अतएव उनसे न जाने कितनी पूर्ण इकाइयाँ उद्भूत होती हैं, तो भी वे पूर्ण रहते हैं (ॐ पूर्णमद: पूर्णमिदं पूर्णात् पूर्णमुदच्यते. पूर्णस्य पूर्णमादाय पूर्णमेवावशिष्यते.) ब्रह्म अपनी पूर्णता को खोये बिना जगत् का आधार है. सभी विशेषताओं से रहित होते हुए भी ब्रह्म जगत् का मूल कारण है. यदि कोई वस्तु किसी अन्य वस्तु से अलग टिक नहीं सकती तो दूसरी वस्तु उसका सार होती है. कारण का कार्य से पहले होना तर्कसिद्ध है. जिस प्रकार पृथिवी की वनस्पतियों को पृथिवी से अलग करके देखना अज्ञान का द्योतक है वैसे ही जगत् को परमेश्वर से अलग करके स्वतन्त्र अस्तित्व के रूप में देखना अज्ञान का कार्य है. जगत् ईश्वर की, सक्रिय प्रभु की रचना है.जगत् ईश्वर में और ईश्वर जगत् में समाया हुआ है. छान्दोग्य उपनिषद् में ब्रह्म को ‘तज्जलान्’ कहा गया है, अर्थात् वह (तत्) जो जगत् को जन्म देता है (ज), अपने में लीन कर लेता है (ला) और कायम रखता है (अन्). जगत् ब्रह्म में से आता है और ब्रह्म में लौट जाता है. जगत् ईश्वर की माया की शक्ति द्वारा रचा गया है, पर व्यक्तिगत आत्मा को माया ने अविद्या या अज्ञान में बाँध रखा है. ‘प्रकृति’ को ईश्वर की माया कहा गया है. ‘प्रकृति’ की धारणा पर उपनिषदों में जो उपमाएँ दी गयी हैं ‒ नमक और जल, आग और चिनगारियाँ, मकड़ी और उसका तार, वंशी और ध्वनि ‒ उनमें सत् से भिन्न एक तत्त्व के अस्तित्व को स्वीकार किया गया है. इसे ही माया कह सकते हैं. फिर भी बल इसी बात पर है कि सापेक्ष निरपेक्ष पर आश्रित है. ध्वनि के बिना प्रतिध्वनि नहीं हो सकती.
0 Comments   Links to this post

 
 

उपनिषदें ‘अपरा विद्या’, निम्नतर ज्ञान और ‘परा विद्या’, उच्चतर ज्ञान में अन्तर करती हैं.



उपनिषदें ‘अपरा विद्या’, निम्नतर ज्ञान और ‘परा विद्या’, उच्चतर ज्ञान में अन्तर करती हैं. अपरा विद्या से तात्पर्य वेदों और विज्ञानों में उपलब्ध ज्ञान से है. परा विद्या अविनाशी परमेश्वर और आत्मा के दिव्य स्वरूप का ज्ञान देती है. छान्दोग्य उपनिषद् में शास्त्रों के ज्ञाता और आत्मा के ज्ञाता के बीच भेद किया गया है. श्वेतकेतु वेदों का बहुत ज्ञान रखते हुए भी पुनर्जन्म के प्रश्न को समझ नहीं पाता है. कठोपनिषद् बताती है कि उस कठिनता से दीख पड़ने वाले पुरातन गूढ़ स्थान में अनुप्रविष्ट, बुद्धि में स्थित, गहन स्थान में रहने वाले पुरातन देव को तर्क से नहीं बल्कि अध्यात्म योग के द्वारा जाना जाता है. सत्य की प्राप्ति बुद्धि के बल से या बहुत अध्ययन से नहीं होती है, बल्कि जिसकी इच्छा ईश्वर में शान्ति से केन्द्रित हो जाती है, सत्य उसके सम्मुख प्रकट हो जाता है. जो अपनी निष्ठा बुद्धि में रखते हैं वे ब्रह्म का ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकते, पर जो बालकों जैसे हैं, वे उसकी सत्ता को अनुभव कर लेते हैं. बाल्य भाव में विनम्रता, ग्रहणशीलता या शिक्षणीयता और तत्परता से खोज शामिल है. मूल विन्दु यह है कि हमें पाण्डित्य का अभिमान छोड़ देना चाहिए.
0 Comments   Links to this post

 
 

यदि हम दुष्कर्म से बचते नहीं हैं, यदि हमारा मन स्थिर नहीं है, तो हम आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकते.



आध्यात्मिक जीवन के अनुसरण के लिए आध्यात्मिक अभिरुचि आवश्यक है. बृहदारण्यक उपनिषद् में याज्ञवल्क्य अपनी समस्त पार्थिव सम्पत्ति को अपनी दो पत्नियों कात्यायनी और मैत्रेयी में विभाजित करने का प्रस्ताव रखते हैं. मैत्रेयी पूछती है कि क्या धन-सम्पत्ति से भरा सम्पूर्ण जगत् उसे अनन्त जीवन प्रदान कर सकता है? याज्ञवल्क्य कहते हैं, “नहीं, तुम्हारा जीवन केवल उन मनुष्यों जैसा हो जायेगा जिनके पास बहुत कुछ है, पर धन-सम्पत्ति से अनन्त जीवन की कोई आशा नहीं की जा सकती.” मैत्रेयी तब जगत् के ऐश्वर्य को ठुकराती हुई कहती है, “जो मुझे अमर नहीं बना सकता उसका मैं क्या करूँगी?” याज्ञवल्क्य अपनी पत्नी की आध्यात्मिक पात्रता को स्वीकार करते हैं और उसे सर्वोच्च ज्ञान का उपदेश देते हैं. हम इसे इस प्रकार से भी कह सकते हैं कि उपनिषदों में नैतिक तैयारी पर बल दिया गया है. यदि हम दुष्कर्म से बचते नहीं हैं, यदि हमारा मन स्थिर नहीं है, तो हम आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त नहीं कर सकते.
0 Comments   Links to this post

 
 

कर्म करते हुए ही सौ वर्ष जीने की इच्छा करनी चाहिए.



जब तक हम अहं को मिटाते नहीं और दिव्य मूलाधार में स्थित नहीं हो जाते, तब तक हम संसार नाम के अनन्त घटना-क्रम से बँधे रहते हैं. इस घटना-जगत् को जो तत्त्व शासित करता है वह कर्म कहलाता है. किन्तु इसका यह अर्थ नहीं निकालना चाहिए कि हमें कर्मफल से मुक्ति पाने के लिए कर्म का ही त्याग कर देना चाहिए. ईशावास्योपनिषद् का कहना है कि इस लोक में कर्म करते हुए ही सौ वर्ष जीने की इच्छा करनी चाहिए. अकर्मण्यता सबसे बड़ा अभिशाप है. यहाँ कर्म का अर्थ अग्निहोत्रादि कर्मकाण्ड से नहीं है बल्कि जीवन-यापन की तथा दान आदि की क्रियाओं से है. कर्मफल से बचने के लिए निर्लिप्त होकर कर्म करना चाहिए. दुष्कर्म की ओर प्रवृत्ति किसी इच्छा की पूर्ति के लिए ही होती है. श्वेताश्वतर उपनिषद् के अनुसार ईश्वर कर्माध्यक्ष है. ईश्वर नियम भी है और प्रेम भी है. उसका प्रेम नियम के माध्यम से प्रकट होता है. कर्म की क्रिया पूर्णतया आवेगरहित और न्यायसंगत है, वह न क्रूर है न दयालु है.
0 Comments   Links to this post

 
 

ईश्वर दण्ड नहीं देता. कर्म की प्रतिक्रिया अन्यायी को दण्ड देती है.



यदि कोई सोचता है कि मनुष्यों के दुष्कर्म ऊपर आकाश को उड़ते हैं और तब कोई हाथ उनका लेखा-जोखा ईश्वर की पट्टियों पर लिखता है, और ईश्वर, उन्हें पढ़-पढ़ कर, संसार का न्याय करता है तो वह बहुत बड़े भ्रम में है. ईश्वर आनन्द का स्रष्टा है और ऐसा शासक है जहाँ उसे स्वयं दण्ड देने की आवश्यकता नहीं रहती है. प्रत्येक अन्याय किसी सकाम कर्म के कारण उत्पन्न होता है. कर्म की प्रतिक्रिया अन्यायी को दण्ड देती है. जीवात्मा का पुनर्जन्म हिसाब-किताब बराबर करने का अवसर उपस्थित करता है. मनुष्य अच्छे कामों से अच्छा और बुरे कामों से बुरा बनता है. कठोपनिषद् कहती है कि मनुष्य खेती की तरह पकता (वृद्ध होकर मर जाता) है और खेती की भाँति फिर उत्पन्न हो जाता है. मनुष्य किस तरह मरता है और पुन: जन्म लेता है इसे बृहदारण्यक उपनिषद् में कई उदाहरणों से स्पष्ट किया गया है. जिस प्रकार जोंक जब घास की लम्बी पत्ती के अन्तिम सिरे पर पहुँच जाती है तो वह सहारे के लिए कोई और स्थान खोज लेती है और फिर अपने को उसकी ओर खींचती है, उसी प्रकार यह जीवात्मा इस शरीर के अन्त पर पहुँच कर सहारे के लिए कोई और स्थान खोज लेता है और अपने को उसकी ओर खींचता है. आत्मा जो प्राणों में बुद्धिवृत्तियों के भीतर रहने वाला विज्ञानमय ज्योतिस्वरूप पुरुष है, वह इस लोक और परलोक दोनों में संचार करता है. जिस प्रकार सुनार सुवर्ण का भाग लेकर दूसरे नवीन और कल्याणतर (अधिक सुन्दर) रूप की रचना करता है, उसी प्रकार यह आत्मा इस शरीर को नष्ट कर कोई और नवीन एवं अधिक सुन्दर रूप धारण कर लेता है. मनुष्य जब तक सच्चा ज्ञान प्राप्त नहीं कर लेता तब तक पुनर्जन्म ही उसकी नियति है. सत्कर्मों से वह अपने क्रमिक विकास को आगे बढ़ाता है. सत्य के ज्ञान से मुक्ति प्राप्त होती है.
0 Comments   Links to this post

 
 

आत्मनिग्रह आध्यात्म के लिये आवश्यक है किन्तु इसका अर्थ जगत् की उपेक्षा करना अथवा गृह और सम्पत्ति का त्याग करना नहीं है.



उपनिषदों में आत्मनिग्रह को आध्यात्मिक जीवन का मूल माना जाता है. किन्तु इसका अर्थ जगत् की उपेक्षा करना अथवा गृह और सम्पत्ति का त्याग करना नहीं है. जगत् के प्रति घृणा से हम जगत् के ऊपर नहीं उठ सकते. ईशोपनिषद् कहती है कि संसार में जो भी जड़-चेतन है, उसका स्वामी परमेश्वर है. मनुष्य को त्याग भाव से अपना पालन करना चाहिए, अन्य किसी के हिस्से के धन को पाने का प्रयत्न नहीं करना चाहिए. छान्दोग्य उपनिषद् में यह प्रसंग आता है कि पाँच विद्वान ब्राह्मण वैश्वानर आत्मा के सम्बन्ध में ज्ञान प्राप्त करने की इच्छा से जब उद्दालक आरुणि के पास पहुँचते हैं तो वे उन्हें राजा अश्वपति कैकय के पास ले जाते हैं. राजा पहले यह सिद्ध करते हैं कि उनके जो मत हैं वे अपूर्ण हैं और फिर उन्हें उपदेश देते हैं. काशी के राजा अजातशत्रु गार्ग्य बालाकि को पहले उसके द्वारा प्रस्तुत बारह मतों के दोष दिखाते हैं और फिर उसे ब्रह्म का स्वरूप समझाते हैं. स्पष्ट है कि उपनिषदों का ज्ञान एक गृहस्थ और राज्य के शासक के मुख से भी प्रस्फुटित हो सकता है. इसी प्रकार ब्रह्म विद्या प्राप्त करने के लिए शिष्य का कुलवान होना आवश्यक नहीं है. जबाला के पुत्र सत्यकाम ने माँ से अपने गोत्र का नाम पूछा तो जबाला ने कहा कि वह परिचारिका का कार्य करती थी और उसे नहीं मालूम कि उसका पिता कौन है. अत: वह गुरुकुल में अपने को ‘सत्यकाम जाबाल’ बतला दे. सत्यकाम ने गुरु गौतम से सब कुछ सच-सच बतला दिया. सत्यवादी होने के आधार पर ही गौतम ने उसे ब्राह्मण मान लिया और उसका उपनयन कर दिया. कुल की शुद्धता के बजाय जोर मन की शुद्धता और सदाचरण पर है. ईशोपनिषद् कहती है कि “हे सर्वशक्तिमान भगवान् तू समस्त ज्ञान और कर्मों को जानने वाला है, हमें सन्मार्ग से ले चल (नय सुपथा). मुण्डकोपनिषद् कहती है, “सत्य ही जय को प्राप्त होता है, मिथ्या नहीं (सत्यमेव जयति नानृतं). सत्य से आप्तकाम ऋषि लोग उस पद को प्राप्त होते हैं जहाँ वह सत्य का परम निधान वर्तमान है. तैत्तिरीयोपनिषद् में आचार्य शिष्य को उपदेश देता है ‒ सत्य बोल (सत्यं वद), धर्म का आचरण कर (धर्मं चर), स्वाध्याय से प्रमाद न कर (स्वाध्यायान्मा प्रमद:), जो अनिन्द्य कर्म हैं उन्ही का सेवन कर, दूसरों का नहीं.
0 Comments   Links to this post

 
 

उपनिषदों का परम लक्ष्य मोक्ष है.



उपनिषदों का परम लक्ष्य मोक्ष है. जन्म और मृत्यु के चक्र से मुक्ति को हम काल की अधीनता से मुक्ति भी कह सकते हैं. यह कर्म की अधीनता से मुक्ति भी है. मुक्त आत्मा के कर्म चाहे वे अच्छे हों या बुरे, उस पर कोई प्रभाव नहीं डालते हैं. छान्दोग्योपनिषद् के अनुसार जिस प्रकार जल कमल की पत्ती पर नहीं ठहरता उसी प्रकार कर्म उससे चिपकते नहीं हैं. जिस प्रकार सरकंडे की डंडी आग में भस्म हो जाती है, उसी प्रकार उसके कर्म नष्ट हो जाते हैं. चन्द्रमा जिस प्रकार ग्रहण के बाद पूरा-पूरा बाहर आ जाता है, उसी प्रकार मुक्त आत्मा अपने को मृत्यु के बन्धन से स्वतन्त्र कर लेता है. मुक्ति बन्धन का नाश है और बन्धन अज्ञान की उपज है. अज्ञान ज्ञान से नष्ट होता है कर्मों से नहीं. ज्ञान हमें उस स्थिति पर ले जाता है जहाँ कामना शान्त हो जाती है, जहाँ सभी कामनाएँ पूर्ण हो जाती हैं, जहाँ आत्मा ही अकेली कामना होती है. मुक्त आत्मा की वही स्थिति होती है जो कि एक अन्धे की दृष्टि प्राप्त कर लेने पर होती है. जब हम शाश्वत सत्य, ब्रह्म या आत्मा का ज्ञान प्राप्त कर लेते हैं, तो कर्मों का हमारे ऊपर कोई प्रभाव नहीं पड़ता. आचार में स्थित होते हुए भी वह धर्म और अधर्म से परे होता है, अन्यत्र धर्मात् अन्यत्राधर्मात् (कठोपनिषद् 1-2-14). जब हम जगत् से अधिक विराट, अधिक गहरी और अधिक मौलिक किसी सत्ता से भिज्ञ हो जाते हैं, तो हम क्षेत्रीयता से ऊपर उठ जाते हैं और पूरे दृश्य को देखने लगते हैं. हमारी आत्मा समस्त जगत् को व्याप्त कर लेती है. अनन्त को जान लेने से हम ईश्वर, जगत् और जीव के सच्चे स्वरूप को समझ लेते हैं. वस्तुत: आध्यात्मिक ज्ञान जगत् को नहीं मिटाता है बल्कि उसके सम्बन्ध में हमारे अज्ञान को मिटा देता है.
0 Comments   Links to this post

 
 

उपनिषदों में ओम् शब्द पूर्ण परमेश्वर का पर्याय है.



उपनिषदों में ओम् शब्द को बहुत महत्त्व दिया गया है. कठोपनिषद् कहती है कि सारे वेद जिस पद का वर्णन करते हैं, जिसकी साधना के लिए सारे तप किये जाते हैं, जिसकी इच्छा से मुमुक्षुजन ब्रह्मचर्य का पालन करते हैं, वह पद है ओम्. यह अक्षर ही परब्रह्म है, यह अक्षर ही अपर ब्रह्म है, इस अक्षर को ही ‘यही उपास्य ब्रह्म है’ ऐसा जानकर जो पर अथवा अपर जिस ब्रह्म की इच्छा करता है, उसे वही प्राप्त हो जाता है. यदि उसका उपास्य परब्रह्म हो तो वह केवल जाना जा सकता है और यदि अपर ब्रह्म हो तो प्राप्त किया जा सकता है. यही ओंकार रूप आलम्बन ब्रह्म प्राप्ति के लिए सभी आलम्बनों में श्रेष्ठ यानी सबसे अधिक प्रशंसनीय है. इस आलम्बन को जान कर साधक परब्रह्म में स्थित होकर महिमान्वित होता है तथा अपरब्रह्म में ब्रह्मत्व को प्राप्त होकर ब्रह्म के समान उपासनीय होता है. माण्डूक्योपनिषद् के अनुसार यह जो कुछ भूत, भविष्यत् और वर्तमान है उसी की व्याख्या है; इसलिए यह सब ओंकार ही है. इसके सिवा जो तीनों कालों से परे, अपने कार्य से ही विदित होने वाला और काल से अपरिच्छेद्य आदि है वह भी ओंकार ही है. आत्मा और इसके पादों के साथ ओंकार और उसकी मात्राओं का तादात्म्य करते हुए कहा गया है कि वह यह आत्मा अक्षर दृष्टि से ओंकार है, वह मात्राओं को आश्रय करके स्थित है. पाद ही मात्रा हैं और मात्रा ही पाद हैं; वे मात्राएँ अकार, उकार, और मकार हैं. ब्रह्म का वैश्वानर रूप पहली मात्रा अकार है. जो उपासक इस प्रकार जानता है वह सम्पूर्ण कामनाओं को प्राप्त कर लेता है. तैजस ओंकार की द्वितीय मात्रा उकार है. जो उपासक ऐसा जानता है वह अपनी ज्ञान संतान का उत्कर्ष करता है, सबके प्रति समान होता है और उसके वंश में कोई ब्रह्मज्ञानहीन पुरुष नहीं होता. प्राज्ञ ब्रह्म ओंकार की तीसरी मात्रा मकार है. जो उपासक ऐसा जानता है वह इस सम्पूर्ण जगत् को माप लेता है अर्थात् इसका यथार्थ स्वरूप जान लेता है. अकार विश्व को प्राप्त करा देता है तथा उकार तैजस को और मकार प्राज्ञ को; किन्तु अमात्र में किसी की गति नहीं होती. मात्रा रहित होकर ओंकार तुरीय आत्मा ही है. जो उसे इस प्रकार जानता है वह स्वत: अपने आत्मा में ही प्रवेश कर जाता है. चित्त को ओंकार में समाहित करे; ओंकार निर्भय ब्रह्मपद है. ओंकार में नित्य समाहित रहने वाले व्यक्ति को कहीं भी भय नहीं होता. प्रणव ही सबका आदि, मध्य और अन्त है; प्रणव ही सबके हृदय में स्थित ईश्वर है. इस प्रकार सर्वव्यापी ओंकार को जानकर बुद्धिमान व्यक्ति शोक नहीं करता. जिसने मात्राहीन, अनन्त मात्रा वाले शिवमय ओंकार को जाना है, वही मुनि है और कोई नहीं. मुण्डकोपनिषद् के अनुसार प्रणव धनुष है, आत्मा बाण है और ब्रह्म उसका लक्ष्य कहा जाता है. उसका सावधानी से वेधन करना चाहिए और बाण को उसमें तन्मय हो जाना चाहिए अर्थात् ब्रह्म रूपी लक्ष्य से एकरूप हो जाना चाहिए. छान्दोग्य उपनिषद् कहती है कि हमें ॐ अक्षर की ही उपासना करनी चाहिए.
0 Comments   Links to this post

 
 

उठो, जागो और परम ज्ञान प्राप्त करो.



बृहदारण्यक उपनिषद् के अनुसार मेघगर्जना रूपी दैवी वाक् कामी, क्रोधी और लोभी स्वभाव वालों के लिए एक ही संदेश द द द देती है. कामी व्यक्ति के लिए सन्देश है दमन का क्योंकि उसमें इन्द्रिय लोलुपता होती है. क्रोधी और उद्दण्ड व्यक्ति के लिए सन्देश है दया का क्योंकि वह क्रूर होता है. लोभी व्यक्ति के लिए सन्देश है दान का क्योंकि दान करने से धनलोलुपता नहीं रह जाती. केन उपनिषद् में देवी -देवताओं तक को घमण्ड न करने की चेतावनी दी गयी है क्योंकि उनकी शक्ति और उनका तेज वस्तुत: ब्रह्म की शक्ति और ब्रह्म का तेज ही है. कठ उपनिषद् के अनुसार इन्द्रियों की अपेक्षा उनके विषय श्रेष्ठ हैं, विषयों से मन उत्कृष्ट है, मन से बुद्धि श्रेष्ठ है और बुद्धि से महान् आत्मा उत्कृष्ट है. आत्मा (महत्तत्त्व) से मूल प्रकृति (अव्यक्त) श्रेष्ठ है और अव्यक्त से भी परब्रह्म श्रेष्ठ है. परब्रह्म से परे कुछ भी नहीं है, वही परम गति है. सम्पूर्ण भूतों मे छिपा हुआ यह आत्मा प्रकाशवान् नहीं होता. यह सूक्ष्मदर्शी पुरुषों द्वारा अपनी तीव्र और सूक्ष्मबुद्धि से ही देखा जाता है. विवेकी पुरुष वाक् इन्द्रिय (वाणी) का मन में उपसंहार करे, मन का प्रकाशस्वरूप बुद्धि में लय करे, बुद्धि को महत्तत्त्व में लीन करे और महान् आत्मा को मुख्य आत्मा में नियुक्त करे. अरे अविद्याग्रस्त लोगो! उठो, जागो और श्रेष्ठ पुरुषों के समीप जाकर ज्ञान प्राप्त करो. जिस प्रकार छूरे की धार तीक्ष्ण और दुस्तर होती है, तत्त्वज्ञानी लोग उस मार्ग को वैसा ही दुर्गम बतलाते हैं.

उत्तिष्ठ जाग्रत प्राप्य वरान्नि बोधत.
क्षुरस्य धारा निशिता दुरत्यया
दुर्गं पथस्तत्कवयो वदन्ति.
0 Comments   Links to this post

 
 
 
 
विश्‍व हिन्‍दू समाज વિશ્‍વ હિન્‍દૂ સમાજ বিশ্‍ব হিন্‍দূ সমাজ ਵਿਸ਼੍‍ਵ ਹਿਨ੍‍ਦੂ ਸਮਾਜ విశ్‍వ హిన్‍దూ సమాజ
வி்‍வ ஹிந்‍ ஸமாஜ വിശ്‍വ ഹിന്‍ദൂ സമാജ ଵିଶ୍‍ଵ ହିନ୍‍ଦୂ ସମାଜ ඵබඵ ඹඨඦෂ මථග ವಿಶ್‍ವ ಹಿನ್‍ದೂ ಸಮಾಜ
samaj الهندوسيه  Vishwa 世界印度教samaj vishwaヒンドゥー教samaj vishwa 힌두교 samaj Вишва хинду Самадж
    Vishwa Hindu Samaj    

Sahitya Sewa Sadan, Rae Bareli Open this Placemark

© 2007 vishwahindusamaj.com